गुरुवार को बाजार में लगातार दूसरे दिन अच्छी तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 692.27 अंक उछलकर 75,074.51 अंक पर पहुंच गया। इसी तरह एनएसई निफ्टी 201.05 अंक बढ़कर 22,821.40 अंक पर पहुंच गया। बाजार में लगातार दूसरे दिन आई तेजी ने निवेशकों को लोकसभा चुनाव के दौरान यानी 4 जून को हुए नुकसान की भरपाई करने में काफी मदद की है। उस दिन शेयर बाजार के निवेशकों को 30 लाख करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ था।
आज के कारोबार में बैंकिंग, आईटी और फार्मा के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली। एसबीआई के शेयरों में दूसरे दिन 3.45% की तूफानी तेजी देखने को मिली। आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले एनडीए के नेताओं द्वारा सर्वसम्मति से नरेंद्र मोदी को अपना नेता चुनने के बाद गुरुवार को लगातार दूसरे दिन बाजार में तेजी जारी रही।
सेंसेक्स में सूचीबद्ध 30 कंपनियों में से एनटीपीसी, भारतीय स्टेट बैंक, पावर ग्रिड, टाटा स्टील, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी रही। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्केई लाभ में रहे जबकि चीन का शंघाई कंपोजिट नुकसान में रहा। बुधवार को अमेरिकी बाजार सकारात्मक रुख के साथ बंद हुए। वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा 0.38 प्रतिशत की बढ़त के साथ 78.71 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बुधवार को पूंजी बाजार में बिकवाल रहे और उन्होंने 5,656.26 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

