दिल्ली में मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतें अपने रिकॉर्ड स्तर से गिर गईं। कमजोर वैश्विक रुख और मुनाफावसूली के कारण सोने की कीमतों में 550 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार, सोने की कीमतें अमेरिकी फेडरल रिजर्व के एक सदस्य की तीखी टिप्पणियों से प्रभावित हुईं, जिन्होंने सुझाव दिया कि मुद्रास्फीति को लक्ष्य पर वापस लाने के लिए ब्याज दरों को लंबी अवधि तक मौजूदा स्तर पर बने रहने की आवश्यकता होगी। सोने की कीमत 550 रुपये गिरकर 74,650 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। पिछले सत्र में सोना 75,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमतें 1,600 रुपये गिरकर 94,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गईं। पिछले सत्र में यह 96,100 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. अंतरराष्ट्रीय बाजार, कॉमेक्स (कमोडिटी मार्केट) में सोना हाजिर 2,420 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद भाव से 22 डॉलर कम है।
चांदी की कीमत 31.60 डॉलर प्रति औंस रही. विशेषज्ञों के अनुसार, व्यापारी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों की टिप्पणियों के साथ-साथ बुधवार को जारी होने वाली फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक के विवरण पर करीब से नजर रखेंगे, जो अमेरिकी केंद्रीय बैंक की मौद्रिक नीति के बारे में अधिक जानकारी प्रदान करेगा।

