देश के विनिर्माण क्षेत्र की गतिविधि अप्रैल में धीमी हो गई, लेकिन बढ़ती मांग के कारण परिचालन स्थितियों में अभी भी साढ़े तीन साल में दूसरा सबसे तेज सुधार दर्ज किया गया। मौसमी रूप से समायोजित ‘एचएसबीसी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स’ (पीएमआई) मार्च में 59.1 से घटकर अप्रैल में 58.8 पर आ गया। पीएमआई के तहत सूचकांक 50 से ऊपर का मतलब उत्पादन गतिविधियों में विस्तार है, जबकि 50 से नीचे का आंकड़ा गिरावट को दर्शाता है.
एचएसबीसी के मुख्य भारतीय अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी ने कहा कि मजबूत मांग की स्थिति के कारण उत्पादन में और वृद्धि हुई, हालांकि मार्च की तुलना में वृद्धि थोड़ी धीमी रही। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय निर्माताओं ने अप्रैल में घरेलू और बाहरी ग्राहकों से अपने सामान की मजबूत मांग दर्ज की।
कुल नए अनुबंधों में तेजी से वृद्धि हुई और विस्तार की गति 2021 की शुरुआत के बाद से दूसरी सबसे मजबूत थी। इसके अतिरिक्त, अप्रैल में नए निर्यात अनुबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। हालाँकि यह वृद्धि कुल बिक्री की तुलना में धीमी रही, जिससे पता चलता है कि घरेलू बाज़ार ही इस वृद्धि का मुख्य चालक बना हुआ है। बढ़ती सामग्री और श्रम लागत की रिपोर्ट के बीच भारतीय निर्माताओं ने अप्रैल में अपनी बिक्री कीमतें बढ़ा दीं।

