रिलायंस कैपिटल का ऑडिट करने वाली कंपनी पर भारी जुर्माना लगाया गया है। नेशनल फाइनेंशियल रिपोर्टिंग अथॉरिटी (एनएफआरए) ने एक ऑडिट कंपनी और दो ऑडिटरों पर कुल 4.5 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। यह मामला 2018-19 में रिलायंस कैपिटल की वित्तीय स्थिति की ऑडिटिंग में कथित खामियों से संबंधित है। आदेश के मुताबिक, पाठक एचडी एंड एसोसिएट्स पर 3 करोड़ रुपये, परिमल कुमार झा पर 1 करोड़ रुपये और विशाल डी शाह पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है. इसके अलावा झा और शाह पर क्रमश: 10 साल और पांच साल के लिए ऑडिट संबंधी काम करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है.
झा एंगेजमेंट पार्टनर (ईपी) थे और शाह वित्त वर्ष 2018-19 के लिए रिलायंस कैपिटल के वैधानिक ऑडिट के लिए एंगेजमेंट क्वालिटी कंट्रोल रिव्यू (ईक्यूसीआर) पार्टनर थे। कंपनी का 2018-19 में प्राइस वॉटरहाउस एंड कंपनी एलएलपी (पीडब्ल्यू) और पाठक एचडी एंड एसोसिएट्स द्वारा संयुक्त रूप से ऑडिट किया गया था। एनएफआरए ने अपने 12 अप्रैल के आदेश में कहा कि ऑडिटरों ने अन्य संयुक्त ऑडिटर (पीडब्ल्यू) द्वारा संदिग्ध धोखाधड़ी और इस्तीफे की रिपोर्ट करने के बावजूद ऑडिटिंग मानकों (एसए) के तहत पर्याप्त प्रक्रियाएं पूरी नहीं कीं।
हाल ही में बीमा नियामक IRDAI ने कर्ज में डूबी रिलायंस कैपिटल के लिए हिंदुजा समूह की कंपनी इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स (IIHL) की समाधान योजना पर कुछ आपत्तियां जताई थीं।

