लोगों को उम्मीद थी कि चुनावी वर्ष में सरकार छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में बदलाव करके उसे बढ़ा कर मिडिल क्लास को तोहफा देगी लेकिन सरकार ने गुरुवार को कहा कि 1 अप्रैल, 2024 से शुरू होने वाले अगले वित्तीय वर्ष की पहली तिमाही के लिए विभिन्न छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया जायेगा। पब्लिक प्रोविडेंट फण्ड पर पहले की तरह 7.1 फीसदी ब्याज मिलता रहेगा। वित्त मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार ”वित्तीय वर्ष 2024-25 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के लिए विभिन्न छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दरें चौथी तिमाही (जनवरी-मार्च) के लिए अधिसूचित दरों के समान होंगी।
सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा पर 8.2 फीसदी ब्याज मिलेगा, जबकि तीन साल की सावधि जमा पर 7.1 फीसदी ब्याज मिलेगा. PPF और डाकघर बचत जमा पर भी ब्याज दरें क्रमश: 7.1 प्रतिशत और चार प्रतिशत पर बरकरार रखी गई हैं। किसान विकास पत्र (केवीपी) पर ब्याज दर 7.5 फीसदी होगी और यह निवेश 115 महीने में परिपक्व होगा.
राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (NSC ) पर ब्याज दर 1 अप्रैल से 30 जून 2024 की अवधि के लिए 7.7 प्रतिशत होगी। मासिक आय योजना के लिए ब्याज दर चालू तिमाही की तरह 7.4 प्रतिशत होगी। सरकार हर तिमाही में मुख्य रूप से डाकघरों में संचालित छोटी बचत योजनाओं पर देय ब्याज दरों को अधिसूचित करती है।

