एनबीएफसी कंपनी IIFL फाइनेंस पर आरबीआई की कार्रवाई के बाद कंपनी के शेयरों में लगातार भारी बिकवाली देखने को मिल रही है। बुधवार को शुरुआती कारोबार में कंपनी के शेयरों में लोअर सर्किट लग गया। IIFL फाइनेंस के शेयर 20 फीसदी या 95.70 रुपये गिरकर 382.80 रुपये पर आ गए. यह इस शेयर का 52 हफ्ते का निचला स्तर है। इस शेयर का 52 हफ्ते का हाई 704.20 रुपये है. बीएसई पर कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 14,603.17 करोड़ रुपये हो गया है।
मंगलवार को भी शुरुआती कारोबार में शेयर 20 फीसदी गिर गया था. इससे पहले सोमवार को भी IIFL के शेयरों में 20 फीसदी की गिरावट आई थी. भारतीय रिजर्व बैंक ने IIFL फाइनेंस को गोल्ड लोन बांटने से रोक दिया है। इसके चलते कंपनी के शेयरों में शुक्रवार के बंद भाव 596.80 रुपये के मुकाबले 35 फीसदी की गिरावट आ चुकी है.
जानकारों के मुताबिक IIFL फाइनेंस के एयूएम का करीब 32 फीसदी हिस्सा गोल्ड लोन बुक के रूप में है. इस स्टॉक पर जेफरीज ने अपनी रेटिंग बाय से घटाकर होल्ड कर दी है क्योंकि रिज़र्व बैंक के प्रतिबंध से कंपनी का मुनाफा कम हो जाएगा।
केंद्रीय बैंक ने IIFL फाइनेंस को फौरी तौर पर गोल्ड लोन बांटने से रोक दिया है। हालाँकि IIFL वितरित मौजूदा ऋणों के लिए सेवाएं जारी रख सकेगी। केंद्रीय बैंक ने कंपनी के स्वर्ण ऋण वितरण में कुछ पर्यवेक्षी चिंताएँ देखी थीं। ऋण मंजूरी के समय सोने की शुद्धता और नीलामी के दौरान डिफॉल्ट जैसी चिंताएं थीं।

