आरबीआई की नीति घोषणा से पहले शेयर बाजार में उत्साह था, लेकिन जैसे ही खबर आई कि रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है, शेयर बाजार के दोनों सूचकांक तेजी से नीचे की ओर बढ़ गए। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स में 35 अंक और निफ्टी में 9 अंक की गिरावट देखी जा रही है. इससे पहले शेयर बाजार की शुरुआत तेजी के साथ हुई थी. सेंसेक्स ने 72400 का आंकड़ा भी छुआ.
आज के कारोबार में एफएमसीजी और रियल्टी सेक्टर पर दबाव दिख रहा है। हालांकि, निफ्टी पर बैंक, फाइनेंशियल, ऑटो, मेटल और फार्मा इंडेक्स हरे निशान में नजर आ रहे हैं। फिलहाल सेंसेक्स में 34अंकों की गिरावट दिख रही है और यह 72117 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. जबकि निफ्टी 9 अंकों की गिरावट के साथ 21924 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. दिग्गज शेयरों में मिलाजुला रुख देखने को मिल रहा है. आज के टॉप गेनर्स में पावरग्रिड, एचसीएलटेक, एमएंडएम, एनटीपीसी, इंडसइंडबीके, एसबीआई शामिल हैं। जबकि टॉप लूजर्स में ITC, MARUTI, BAJFINANCE, ASIANPAINT शामिल हैं।
घरेलू शेयर बाजार के लिए आज वैश्विक संकेत मिले-जुले नजर आ रहे हैं। आज के कारोबार में प्रमुख एशियाई बाजारों में बिकवाली देखने को मिल रही है. इससे पहले बुधवार को अमेरिकी बाजार बढ़त पर बंद हुए थे। बुधवार को डाउ जोंस इंडस्ट्रियल 156 अंक की बढ़त के साथ 38677.36 के स्तर पर बंद हुआ। NASDAQ कंपोजिट में 148 अंकों की बढ़त रही और यह 15756.64 के स्तर पर बंद हुआ। जबकि S&P 500 इंडेक्स करीब 41 अंक बढ़कर 4995.06 के स्तर पर बंद हुआ. अमेरिका की 10 साल की बॉन्ड यील्ड अभी भी 4 फीसदी से ऊपर बनी हुई है.

