शेयर बाजार को HDFC बैंक और Paytm के बीच चल रही बातचीत की ख़बरें पसंद नहीं आईं और यही वजह रही कि दिनभर की अच्छी तेज़ी के बाद अंत में शेयर बाजार मामूली गिरावट के साथ बंद हुआ. कारोबार के अंत में सेंसेक्स 34.09 अंक गिरकर 72,152.00 पर और निफ्टी 1.10 अंक बढ़कर 21,930.50 पर बंद हुआ है। लगभग 1932 शेयर बढ़त पर बंद हुए और1339 शेयर गिरे हैं वहीँ 60 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। बीएसई मिडकैप इंडेक्स 1.3 फीसदी और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.4 फीसदी बढ़ कर बंद हुआ है।
निफ़्टी पर टॉप गेनर्स में स्टेट बैंक, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचडीएफसी लाइफ और एक्सिस बैंक का नाम शामिल रहा जबकि सबसे ज़्यादा गिरने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन, इंफोसिस, अदानी पोर्ट्स और टीसीएस का नाम रहा। सेक्टोरल सूचकांकों की बात करें तो पीएसयू बैंक, मेटल, पावर, फार्मा और रियल्टी तेजी लेकर बंद हुए हैं जबकि आईटी इंडेक्स 1 फीसदी टूटकर बंद हुआ है।
आज के कारोबार में प्रमुख एशियाई बाजारों में खरीदारी का रुख देखने को मिला है. अमरीकी बाज़ारों की बात करें तो मंगलवार को वहां बढ़त का माहौल रहा. मंगलवार को Dow Jones Industrial में 141 अंकों की तेजी रही और यह 38,521.36 के लेवल पर बंद हुआ. NASDAQ Composite में 11 अंकों की बढ़त रही और यह 15,609 के लेवल पर बंद हुआ जबकि S&P 500 इंडेक्स में 11 अंकों की तेजी रही और यह 4954.23 के लेवल पर बंद हुआ है.

