भारतीय शेयर बाजार सोमवार को भारी बढ़त के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स सेंसेक्स 268 अंक की बढ़त के साथ 70,968.10 पर खुला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 0.64 फीसदी या 452 अंक की बढ़त के साथ 71,184 पर कारोबार करता नजर आया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का इंडेक्स निफ्टी भी 0.52 फीसदी यानी 110 अंक की बढ़त के साथ 21,463 पर कारोबार करता नजर आया. निफ्टी बैंक 364 अंकों की बढ़त के साथ 45,230 पर कारोबार कर रहा था।
शुरुआती कारोबार में निफ्टी पैक के 50 शेयरों में से 37 शेयर हरे निशान पर और 13 शेयर लाल निशान पर कारोबार करते दिखे। निफ्टी शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी ओएनजीसी, अदानी एंटरप्राइजेज, एसबीआई लाइफ, एचडीएफसी बैंक और सन फार्मा में देखने को मिली। वहीं, सबसे ज्यादा गिरावट सिप्ला, डॉ. रेड्डी, बजाज-ऑटो, बीपीसीएल और आईटीसी के शेयरों में देखी गई।
शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार करते नजर आए. निफ्टी ऑयल एंड गैस में सबसे ज्यादा 1.38 फीसदी की तेजी देखी गई। इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक में 1.21 फीसदी, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.10 फीसदी, निफ्टी मीडिया में 1.24 फीसदी, निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में 1.15 फीसदी और निफ्टी बैंक में 1.02 फीसदी की बढ़त देखी गई. वहीं, निफ्टी मेटल में 0.56 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 0.62 फीसदी, निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में 0.55 फीसदी और निफ्टी हेल्थकेयर में 0.33 फीसदी की बढ़त देखी गई.

