भारतीय जीवन बीमा निगम ने एक नयी इंश्योरेंस योजना- जीवन धारा II को लॉन्च किया है। यह एक इंडिविजुअल, सेविंग्स और डेफर्ड एन्युटी प्लान है। LIC ने एक प्रेस रिलीज जारी कर ये जानकारी शेयर की है। प्रेस रिलीज़ के अनुसार यह एक नॉन-लिंक्ड और नॉन-पार्टिसिपेटिंग एन्युटी प्लान है। LIC जीवन धारा II को 22 जनवरी, 2024 से खरीदा जा सकता है।
जीवन धारा II पॉलिसी खरीदने के लिए की न्यूनतम आयु 20 वर्ष है और अधिकतम आयु 80/70/65 वर्ष माइनस डेफरमेंट पीरियड हो सकती है, जो चुने गए एन्युटी ऑप्शन पर निर्भर करती है। इस प्लान में एन्युटी शुरू से ही गारंटीड है और पॉलिसीहोल्डर के लिए 11 एन्युटी ऑप्शन उपलब्ध हैं। इसके अलावा, बड़ी आयु में बड़े एन्युटी रेट्स का प्रावधान है।
LIC जीवन धारा II की ख़ास बातों की बात करें तो यहां पॉलिसी की स्थगन अवधि के दौरान लाइफ इंश्योरेंस कवर मिलता है। पॉलिसी के तहत अतिरिक्त प्रीमियम का भुगतान करके डेफरमेंट पीरियड के दौरान और जब पॉलिसी लागू हो, तब एन्युटी (टॉप-अप एन्युटी) बढ़ाने का विकल्प है। यहां डेथ क्लेम को एकमुश्त राशि के रूप में,एन्युटी के रूप में या किस्तों के रूप में लेने का विकल्प है।
इसके अलावा इस प्लान में लिक्विडिटी ऑप्शन भी उपलब्ध है। डेफरमेंट पीरियड के दौरान या उसके बाद प्रीमियम/खरीद मूल्य की वापसी के साथ एन्यूटी ऑप्शंस के तहत लोन की सुविधा भी मिलती है।
LIC जीवन धारा II में कई तरह के एन्युटी विकल्प हैं. रेगुलर प्रीमियम में डेफरमेंट पीरियड 5 साल से 15 साल तक होता है। सिंगल प्रीमियम में डेफरमेंट पीरियड 1 साल से 15 साल तक होता है। इसके अलावा आप सिंगल लाइफ एन्युटी और जॉइंट लाइफ एन्युटी का विकल्प चुन सकते हैं.

