तिमाही नतीजों के दम पर भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को ऑल टाइम हाई पर बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 847 अंक बढ़कर 72,568 अंक पर बंद हुआ है। वहीँ एनएसई निफ्टी 247 अंक की तेजी के साथ 21,894 अंक पर बंद हुआ। शुक्रवार के कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 72,720 के उच्चतम स्तर को छुआ। वहीँ निफ्टी ने 21,928 अंक के उच्चतम स्तर को छुआ। बाजार को ये तेज़ी आईटी दिग्गज इनफ़ोसिस ने दिलाई जिसके नतीजों से खुश होकर आज निवेशक इस शेयर पर फ़िदा हो गए, आज दिन के कारोबार में इनफ़ोसिस के शेयर में लगभग 8 प्रतिशत का उछाल आया, यही नहीं शेयर बाजार के दोनों इंडेक्सों में आज इनफ़ोसिस सबसे ज़्यादा एक्टिविटी वाला शेयर भी रहा.
बता कि कल देश की दिग्गज आईटी कंपनी टीसीएस और इन्फोसिस की ओर से तिमाही नतीजे पेश किए गए थे। दिसंबर तिमाही में टीसीएस ने 11,058 रुपये और इन्फोसिस ने 6,106 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। कारोबार के दौरान आईटी, सरकारी बैंक, FMCG ,रियल्टी, एनर्जी, निजी बैंक इंडेक्स में जमकर खरीदारी देखने को मिली। वहीं ऑटो, फार्मा, मीडिया और healthcare इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए हैं। आज लार्ज कैप शेयरों में मिडकैप और स्मॉलकैप की अपेक्षा अधिक तेजी दिखी।
गेनर्स में इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, विप्रो, एलएंडटी, इंडसइंड बैंक, एचसीएल टेक, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, भारती एयरटेल, कोटक महिंद्रा, रिलायंस, आईटीसी, एचयूएल, टाटा स्टील, सन फार्मा, जेएसडब्लू स्टील, टाटा मोटर्स और बजाज फाइनेंस के शेयर रहे। वहीँ पावर ग्रिड, बजाज फिनसर्व, एमएंडएम, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन कंपनी, नेस्ले, एनटीपीसी, मारुति सुजुकी, एशियन पेंट्स, एक्सिस बैंक के शेयर में गिरावट रही.

