देश में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री के ताजा आंकड़े इशारा करते हैं कि भारत में वाहन प्रेमियों के बीच EV के प्रति रुझान काफी बढ़ा है. आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति लोगों का सबसे ज्यादा रुझान रहा है, उसके बाद महाराष्ट्र का नंबर है. महाराष्ट्र में इलेक्ट्रिक वाहनों की कुल संख्या 4 लाख तक पहुंच गई है। कुल इलेक्ट्रिक वाहनों के पंजीकरण में 7 लाख के साथ उत्तर प्रदेश पहले स्थान पर है।
आंकड़ों के मुताबिक इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री साल 2023 में सालाना आधार पर 49.25 फीसदी बढ़कर 15,29,947 यूनिट हो गई. FADA (फेडरेशन ऑफ व्हीकल डीलर एसोसिएशन) के आंकड़ों के मुताबिक साल 2022 में इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग ने कुल 10,25,063 वाहन बेचे थे. साल 2023 में दोपहिया ईवी की बिक्री 36.09 फीसदी बढ़कर 8,59,376 हो गई. जबकि साल 2022 में यह 6,31,464 यूनिट थी।
FADA की इस ताजा रिपोर्ट में कहा गया है कि तिपहिया इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री सालाना आधार पर 65.23 फीसदी बढ़कर 5,82,793 यूनिट हो गई, जो कि साल 2022 में 3,52,710 यूनिट थी. ई-वाणिज्यिक वाहनों की संख्या साल-दर-साल 114.16 प्रतिशत बढ़कर 5,673 इकाई हो गई, जो पिछले साल 2,649 इकाई थी। आंकड़ों से यह भी जानकारी मिलती है कि इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री पिछले साल 114.71 प्रतिशत बढ़कर 82,105 इकाई हो गई। जबकि वर्ष 2022 में यह सिर्फ 38,240 थी।
नवंबर महीने में इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री शानदार रही। नवंबर में ईवी की बिक्री (यात्री और वाणिज्यिक) 25.5 प्रतिशत बढ़कर 1,52,606 यूनिट हो गई। नवंबर 2022 में कुल इलेक्ट्रिक वाहनों की खुदरा बिक्री 1,21,596 इकाई थी। ऑटोमोबाइल कंपनियों ने पिछले कुछ सालों में भारत में कई इलेक्ट्रिक वाहन मॉडल पेश किए हैं। बाजार में इलेक्ट्रिक गाड़ियों से लेकर लग्जरी इलेक्ट्रिक कारें तक आ गई हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनियां भी इस सेक्टर में अपना निवेश बढ़ा रही हैं।

