वैश्विक बाज़ारों से मिले तेज़ी के संकेतों के बीच भारतीय शेयर बाजार भी गुरुवार 28 दिसंबर को आल टाइम हाई पर खुले और आगे बढ़ते हुए सर्वकालिक ऊंचाई पर बंद हुए। दोनों प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी नई ऊंचाई पर पहुंचे और रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए। एनएसई का निफ्टी 123.95 अंक बढ़त के साथ 21,778.70 पर बंद हुआ। वहीं, बीएसई सेंसेक्स भी 371.95 अंक की बढ़त के साथ 72,410.38 पर बंद हुआ। बाजार बंद होने के समय सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर उछाल पर थे. हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO ) के शेयरों में आज 17.62% का जबरदस्त उछाल देखने को मिला। इस बढ़त का एक बड़ा कारण गुजरात सरकार के साथ कंपनी के करार का औपचारिक होना माना जा रहा है।
ऊर्जा और एफएमसीजी क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों ने अन्य क्षेत्रीय सूचकांकों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया, आईटी और उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं के शेयरों में गिरावट आई। निफ्टी 50 में महिंद्रा एंड महिंद्रा, हीरो मोटोकॉर्प, कोल इंडिया, एनटीपीसी और बीपीसीएल टॉप पर रहे जबकि अदानी एंटरप्राइजेज एलएंडटी, और अदानी पोर्ट्स, आयशर मोटर्स, एलटीआई माइंडट्री गिरावट में रहे।
सेंसेक्स के जिन शेयरों में आज सबसे ज्यादा तेजी देखी गई उनमें नेस्ले, टाटा मोटर्स, आईटीसी, एमएंडएम, एनटीपीसी, पावर ग्रिड, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान लीवर, कोटक बैंक और इंडसइंड बैंक रहे | आज गिरावट के साथ बंद हुए सेंसेक्स के शेयरों में इंफोसिस, टीसीएस, एशियन पेंट्स, अल्ट्रा सीमेंट , विप्रो और L&T रहे।

