ट्विटर ने भारत के लिए विनय प्रकाश को रेजिडेंट ग्रीवांस ऑफिसर के तौर पर नामित किया है. कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से यह जानकारी मिली है. अमेरिका में आधारित कंपनी भारत में नए आईटी नियमों का अनुपालन करने में असफल होने को लेकर विवादों में रही है. इसके साथ दूसरी जरूरतों को भी पूरा नहीं कर पाई थी. जिसमें 50 लाख से ज्यादा यूजर्स वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के लिए तीन मुख्य अधिकारियों- चीफ कंप्लायंस ऑफिसर, नोडल ऑफिसर और ग्रीवांस ऑफिसर की नियुक्ति करना शामिल है. तीनों अधिकारियों का भारत का नागरिक होना जरूरी है.
ट्विटर पर अपडेट की गई जानकारी के मुताबिक, विनय प्रकाश रेजिडेंट ग्रीवांस ऑफिसर (RGO) हैं. यूजर्स उन्हें पेज पर दी गई ईमेल आईडी का इस्तेमाल करके संपर्क कर सकते हैं. पेज में आगे कहा गया है कि ट्विटर को भारत में इस पते पर संपर्क किया जा सकता है: चौथी मंजिल, द एस्टेट, 121 डिकन्सन रोड, बैंगलोर 560 042. प्रकाश का नाम Jeremy Kessel के साथ दिया गया है, जो ग्लोबल लीगल पॉलिसी डायरेक्टर और अमेरिका में आधारित हैं.
कंपनी ने 26 मई 2021 से लेकर 25 जून 2021 तक की अवधि के लिए अपनी कप्लायंस रिपोर्ट भी पब्लिश की है. यह भी एक जरूरी जरूरत थी, जो 26 मई से लागू हुए नए आईटी नियमों के तहत आती है. ट्विटर ने इससे पहले धर्मेंद्र चतुर को भारत के लिए आईटी नियमों की जरूरतों के मुताबिक अंतरिम रेजिडेंट ग्रीवांस ऑफिसर के तौर पर नियुक्त किया था. हालांकि, चतुर ने पिछले महीने पद छोड़ दिया था.

