चीन का अलीबाबा ग्रुप 2.8 अरब डॉलर का जुर्माना चुकाने के बाद अपनी पहली बड़ी इनवेस्टमेंट डील करने वाला है। इस डील के लिए अलीबाबा ग्रुप ने चीन सरकार के साथ पार्टनरशिप की है। अलीबाबा पर प्रतिस्पर्धा विरोधी कारोबारी तरीकों का इस्तेमाल करने के लिए जुर्माना लगाया गया था।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट है कि अलीबाबा ग्रुप होल्डिंग्स की अगुवाई वाला एक कंसोर्शियम और चीन के जिआंग्सु प्रांत की सरकार देश की बड़ी अप्लायंसेज, इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर Suning में हिस्सेदारी खरीदने की डील को अंतिम रूप दे रहे हैं।
चीन के बिलियनेयर झांग जिनडोंग की Suning की रिटेल यूनिट पर अलीबाबा कंट्रोल करेगा। अलीबाबा ग्रुप के पास पहले ही इसमें 20 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
मुश्किलों से घिरी Suning की मार्केट वैल्यू लगभग 8 अरब डॉलर की है। कोरोना के कारण इसके बिजनेस में भारी गिरावट आई है और कंपनी के प्रमोटर के पास लिक्विडिटी की भी कमी है।
यह डील अलीबाबा का न्यू रिटेल बिजनेस स्ट्रैटेजी का हिस्सा है। इसमें ऑफलाइन और ऑनलाइन शॉपिंग को इंटीग्रेट करने की योजना है। इससे अलीबाबा ग्रुप को बाजार हिस्सेदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

