पेट्रोल और डीजल की कीमतें तेजी से बढ़ने के बीच पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि क्योंकि सरकार का खर्च कोविड से राहत के कदमों की वजह से बढ़ गया है, इसलिए केंद्र कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च करने के लिए पैसे की बचत कर रहा है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि वह मानते हैं कि तेल की कीमतों से ग्राहकों को परेशानी हो रही है, इस पर कोई संदेह नहीं है. लेकिन इस साल कोरोना वैक्सीन पर 35 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का खर्च हुआ है.
उन्होंने आगे कहा कि गरीबों को आठ महीने का राशन उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना पर 1 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. पीएम किसान के तहत किसानों के बैंक खातों में कुछ हजार करोड़ रुपये को ट्रांसफर किया गया है. ऐसे मुश्किल समय में, वे वेलफेयर स्कीमों पर खर्च करने के लिए पैसे की बचत कर रहे हैं.

