नई दिल्ली: लगातार तीसरे महीने बढ़ते हुए, देश का निर्यात सालाना आधार पर 0.67 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ फरवरी में 27.93 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. सोमवार को जारी आधिकारिक डेटा के मुताबिक, व्यापार घाटा बढ़कर 12.62 अरब डॉलर हो गया. डेटा में सामने आया कि आयात महीने में 6.96 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 40.54 अरब डॉलर पर पहुंच गया है. व्यापार घाटा फरवरी 2020 में 10.16 अरब डॉलर पर था.
अप्रैल-फरवरी 2020-21 की अवधि के दौरान निर्यात 12.23 फीसदी की गिरावट के साथ 256.18 अरब डॉलर पर पहुंच गया. एक साल पहले की अवधि में यह 291.87 अरब डॉलर था. आयात अप्रैल-फरवरी में 23.11 फीसदी घटकर 340.8 अरब डॉलर रहा है.
फरवरी में, तेल का आयात 16.63 फीसदी गिरकर 8.99 अरब डॉलर पर आ गया. जबकि अप्रैल-फरवरी के दौरान शिपमेंट 40.18 फीसदी की गिरावट के साथ 72.08 अरब डॉलर पर आ गया. फरवरी में सोने का आयात उछाल के साथ 5.3 अरब डॉलर पर आ गया, जो एक साल पहले के महीने में 2.36 अरब डॉलर आ गया.
जिन क्षेत्रों में फरवरी के दौरान सकारात्मक निर्यात रहा है, उनमें ऑयलमील, आयरन ऑर, चावल (30.78 फीसदी), कार्पेट (19.46 फीसदी), मसाले (18.61 फीसदी), फार्मास्युटिकल्स (14.74 फीसदी), तंबाकू (7.71 फीसदी) और कैमिकल्स (1.2 फीसदी) शामिल हैं. जिन सेक्टर्स में नकारात्मक ग्रोथ रही है, उनमें ऑयलसीड, लेदर, पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स, काजू, जेम्स और ज्वैलरी, रेडी मेड कपड़े, चाय, इंजीनियरिंग गुड्स, कॉफी और मराइन प्रोडक्ट्स शामिल हैं.

