मुंबई: अमेरिका में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की उम्मीद और सीरिया पर अमेरिका के हमले की खबर से वैश्विक बाजार में हुई भारी बिकवाली का असर आज घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा जिससे घरेलू स्तर पर करीब 4 फ़ीसदी की गिरावट देखी गई। इससे बीएसई का सेंसेक्स 1939.32 अंक गिरकर 50हजार अंक के स्तर से नीचे 49099.99 अंक पर आ गया और एनएसई का निफ्टी भी 568.26 अंक फिसल कर 14529.15 अंक पर रहा।
गुरुवार को अमेरिकी बाजारों में भारी गिरावट देखी गई। अमेरिकी वॉल स्ट्रीट बाजार का मेन इंडेक्स भरभरा गया। असल में अमेरिका के ट्रेजरी बॉन्ड के यील्ड में भारी बढ़त हुई है जिससे वहां ब्याज दरें बढ़ने के आसार बने हैं, इसकी चिंता में शेयर बाजार टूटा। अमेरिकी बाजार में टेक्नोलॉजी शेयर काफी टूट गए।
इसके असर से आज एशियाई और ऑस्ट्रेलिया के शेयर बाजारों में भी भारी गिरावट देखी गई। जापान का निक्केई 3.99 फीसदी, हॉन्ग कॉन्ग का हैंग संग 3.64प्रतिशत, चीन का शंघाई कंपोजिट 2.12फीसदी टूट गया। यूरोपीय बाजार भी लाल निशान में खुले। इसके बाद सीरिया पर अमेरिकी एयरस्ट्राइक की खबरों से तो बाजार बिल्कुल पस्त ही हो गया।

