अगले हफ्ते Nureca Ltd. का आईपीओ आने वाला है. 100 करोड़ के इस आईपीओ का सब्सक्रिप्शन अगले हफ्ते खुलेगा. सब्सक्रिप्शन खुलने से पहले इसने एंकर इंवेस्टर्स से 44.55 करोड़ रुपये जुटा लिए हैं. न्यूरेका एक बीटूसी (बिजनेस टू कस्टमर) कंपनी है जो होम हेल्थकेयर और वेलनेस प्रॉडक्ट्स के बिजनेस में है. नुरेका ने 11.13 लाख इक्विटी शेयर 490 रुपये के भाव से एंकर इंवेस्टर्स को एलॉट किए हैं
बीएसई सर्कुलर के मुताबिक नेक्सपैक्ट लिमिटेड ने 8.63 लाख इक्विटी शेयर के जरिए 34.55 करोड़ रुपये निवेश किए हैं जो एंकर इंवेस्टर के निर्धारित शेयर हिस्से का 77.55 फीसदी है. नेक्स्ट ऑर्बिट वेंचर्स फंड ने 2.50 लाख इक्विटी शेयर्स (22.45 फीसदी) में 10 करोड़ रुपये निवेश किए. न्यूरेका लिमिटेड के लिए ग्रे मार्केट में कोई ट्रेड नहीं दिखा क्योंकि इशू साइज बहुत छोटा, महज 100 करोड़ रुपये है.
अनलिस्टेडएरेनाडॉटकॉम के को-फाउंडर मनन दोशी के मुताबिक कोरोना महामारी के समय में जो परिस्थितयां बनीं, उससे न्यूरेका को काफी फायदा मिला है. अब परिस्थितियां सामान्य हो रही हैं तो कोरोना के दौर का प्रदर्शन कंपनी के लिए दोहरा पाना मुश्किल होगा. हालांकि कंपनी के पास बेहतर ई-कॉमर्स एडॉप्शन स्ट्रेटजी है जिसके जरिए वह अपने कारोबार को बनाए रख सकेगी. दोशी के मुताबिक इशू साइज बहुत कम रखा गया जिसके कारण यह बहुत अधिक ओवरसस्क्राइब हो सकता है. ऐसे में निवेशकों को बेहतर लिस्टिंग गेन मिल सकता है.

