दुनियाभर के बुलियन मार्केट में तेजी और रुपये में कमजोरी का असर घरेलू सराफा बाजार में सोने-चांदी की कीमतों पर भी देखा गया. दिल्ली सराफा बाजार में सोमवार को सोना 389 रुपये रुपये महंगा होकर 48,866 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर तक पहुंच गया. वहीं, चांदी के भाव 1137 रुपये की छलांग लगाकर 64,726 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गए. इससे बीते कारोबारी सप्ताह घरेलू सराफा बाजार में सोना 48,477 रुपये प्रति दस ग्राम और चांदी 63,589 रुपये प्रति किलो पर दर्ज किए गए थे.
एचडीएफसी सिक्युरिटी के सीनियर एनॉलिस्ट (कमोडिटीज) तपन पटेल का कहना है कि सोने की कीमतों में शुक्रवार को निचले स्तर से तेजी दर्ज की गई. यह बढ़ोतरी डॉलर में मजबूती के बावजूद रही. ऐसा इसलिए क्योंकि कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के चलते सोने की खरीदारी में तेजी आ रही है. अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें तो सोने के भाव 1,853 डॉलर प्रति औंस पर रहे. जबकि चांदी की कीमत 25.14 डॉलर प्रति औंस पर दर्ज की गई.
केडिया कमोडिटी की रिसर्च रिपोर्ट के अनुसार, सोने में इस साल 2021 में 33 फीसदी तक का रिटर्न मिल सकता है और चांदी में 21-33 फीसदी तक का रिटर्न मिल सकता है. 2021 की बात करें तो गोल्ड के भाव प्रति दस ग्राम 65 हजार तक के भाव पर पहुंच सकते हैं. वहीं, साल 2021 में चांदी मीडियम टर्म में 77 हजार रुपये तक के लेवल पर पहुंच सकता है जबिक लांग टर्म में यह 85 हजार रुपये प्रति किग्रा के भाव तक पहुंच सकता है.

