भारतीय रिजर्व बैंक ने एक और बैंक पर कार्रवाई की है. अब आरबीआई ने सुभद्रा लोकल एरिया बैंक, कोल्हापुर का लाइसेंस रद्द कर दिया है. केंद्रीय बैंक ने इस बात की जानकारी दी है. आरबीआई के मुताबिक बैंक का संचालन ऐसे तरीके से किया जा रहा था, जिससे बैंक के वर्तमान और भविष्य के डिपॉजिटर्स के हितों को नुकसान पहुंचता. आरबीआई की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बैंक ने वित्त वर्ष 2019-20 की दो तिमाहियों के दौरान न्यूनतम नेट वर्थ से जुड़ी अनिवार्यता का अनुपालन नहीं किया है.
आरबीआई ने जारी एक बयान में कहा कि बैंक ने वित्त वर्ष 2019-20 की दो तिमाहियों में न्यूनतम नेटवर्थ की शर्त का उल्लंघन किया है. बयान के अनुसार हालांकि, सुभद्रा लोकल एरिया बैंक के पास जमाकर्ताओं का पैसा लौटाने के लिये पर्याप्त नकदी है.
आरबीआई ने कहा कि जिस तरीके से बैंक काम कर रहा था, अगर उसे उसी तरीके से उसके परिचालन की अनुमति दी जाती तो जन हित पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता. प्रबंधन की काम करने की प्रकृति वर्तमान और भविष्य के जमाकर्ताओं के हितों को नुकसान पहुंचाने वाली थी.
बयान में कहा गया है कि सुभद्रा लोकल एरिया बैंक को दिया गया लाइसेंस 24 दिसंबर 2020 को बैंक कारोबार बंद होने के बाद से रद्द किया जा रहा है. आरबीआई ने कहा है कि लाइसेंस कैंसल होने के बाद बैंक पर तत्काल प्रभाव से बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट के तहत किसी भी तरह की बैंकिंग या कोई अन्य कारोबार करने पर रोक लग गई है. इससे वह कोई भी बैंकिंग गतिविधियां नहीं कर पाएगा. आरबीआई बैंक के परिसमापन (Liquidation) के लिए हाई कोर्ट के समक्ष आवेदन देगा.

