बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के नए निर्देशों के कारण एक्सिस म्यूचुअल फंड ने अपने मल्टीकैप स्कीम का नाम बदल कर इसे Flexicap Fund कर दिया है. इस बदलाव के बाद नई कैटेगरी में मार्केट कैप से जुड़े नियमों के पालन के लिए Axis Mutual Fund को बाध्य नहीं होना पड़ेगा. यानी, इस योजना के तहत निवेश को नए कैटेगरी में ले जाने पर फंड हाउस को एलोकेशन के लिए फ्लेक्सिबल अप्रोच मिलेगा. यह नई कैटेगरी अगले साल 31 जनवरी 2021 से प्रभावी हो जाएगी.
इससे पहले फंड हाउस द्वारा मल्टीकैप फंड के निवेश को लॉर्ज कैप स्टॉक्स में लगाए जाने को लेकर पूंजी बाजार नियामक सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) ने एक सर्कुलर जारी किया था. इस सर्कुलर के मुताबिक अब फंड हाउस के लिए मल्टीकैप फंड्स को स्माल, मिड और लार्ज कैप स्टॉक्स में 25 फीसदी निवेश करना अनिवार्य होगा. सेबी के इस नियम के मुताबिक एक्सिस मल्टीकैप फंड को मिड कैप का एक्सपोजर 14.3 फीसदी और स्माल कैप का एक्सपोजर 16.1 फीसदी बढ़ाना पड़ता.

