शेयर बाजार में तूफानी तेजी जारी है. नवंबर महीने के बाद से ही शेयर बाजार लगातार अपने नए हाई बना रहा है. इसी क्रम में 9 दिसंबर को सेंसेक्स ने 46000 का आंकड़ा भी पार कर लिया है. नवंबर में वापस 40 हजार का स्तर छूने के बाद सेंसेक्स ने दिसंबर में पहले 45000 और फिर 46000 का नया मुकाम हासिल किया है. बीते 30 कारोबारी दिन में बाजार में 6500 अंकों की बढ़त रही है. इस तूफानी तेजी में निवेशकों की दौलत में 25 लाख करोड़ के करीब इजाफा हुआ है. बाजार की तेजी में जहां दिग्ग्ज शेयरों में शानदार रैली रही, वहीं मिडकैप और स्मालकैप ने भी अच्छी कमाई कराई है.
बीते 30 कारोबारी दिनों की बात करें तो 30 अक्टूबर से 9 नवंबर तक सेंसेक्स में 16 फीसदी से ज्यादा मजबूती आई है. इस दौरान इंडेक्स 39614 से बढ़कर 46164 के स्तर तक पहुंच गया. निफ्टी में भी 15 फीसदी से ज्यादा तेजी आई और यह 13500 के स्तर को पार कर गया.
इस दौरान बीएसई मिडकैप इंडेक्स में 18 फीसदी से ज्यादा तेजी आई है. 30 अक्टूबर को मिडकैप इंडेक्स 14905 के स्तर पर था, वहीं 9 नवंबर को यह 17615 के स्तर पर पहुंच गया. बीएसई स्मालकैप इंडेक्स में भी 30 दिनों में 18 फीसदी तेजी आई और इस दौरान यह 14888 से बढ़कर 17600 के स्तर पर पहुंच गया.
बीते 30 दिन की बात करें तो नवंबर और दिसंबर का महीना शेयर बाजार के निवेशकों के लिए शानदार बीत रहा है. इस दौरान बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 25 लाख करोड़ से ज्यादा बढ़ गया है. 30 अक्टूबर को बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 1,57,92,249.91 करोड़ था. यह 9 दिसंबर को बढ़कर 1,82,77,535.66 करोड़ रुपये के आस पास पहुंच गया. यानी 30 ट्रेडिंग डे के दौरान निवेशकों की दौलत में 25 लाख करोड़ से ज्यदा का इजाफा हुआ.

