पेटीएम ने पिछले छह महीनों के दौरान डिजिटल गोल्ड के लेनदेन में 2 गुना वृद्धि दर्ज की है. इसे देखते हुए कंपनी ने अपने यूजर्स को दिवाली का तोहफा दिया है. कंपनी ने अपने हाई-वैल्यू ट्रांजेक्शन प्रोडक्ट फीचर को लॉन्च किया है, जिसमें यूजर पेटीएम ऐप पर एक बार में 1 करोड़ रुपये तक का पेटीएम गोल्ड खरीद पाएंगे. अभी तक यूजर के लिए सिंगल ट्रांजेक्शन में केवल 2 लाख रुपये तक का सोना खरीदना संभव था. इस बदलाव के साथ, यूजर्स पूरी तरह से सहज और पारदर्शी तरीके से अधिक मात्रा में गोल्ड खरीद सकते हैं.
पेटीएम ने बयान में कहा है कि इस वित्तीय वर्ष की शुरुआत के बाद से, नए यूजर्स की संख्या में 50% की वृद्धि हुई है और डिजिटल गोल्ड के एवरेज ऑर्डर मूल्य में 60% की वृद्धि हुई है. इसके साथ, प्लेटफॉर्म पर डिजिटल गोल्ड में कुल लेनदेन की मात्रा 5000 किलोग्राम के माइलस्टोन को पार कर गई है. कंपनी ने अब पेटीएम गोल्ड सर्विसेज को पेटीएम मनी प्लेटफॉर्म पर भी एक्सटेंड कर दिया है. यानी अब यूजर पेटीएम ऐप या फिर पेटीएम मनी ऐप, दोनों में से किसी भी प्लेटफॉर्म पर डिजिटल गोल्ड खरीद और बेच सकते हैं.
पेटीएम ने ग्राहकों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की है और अब तक इसके प्लेटफॉर्म पर 7.3 करोड़ से अधिक लोगों ने पेटीएम गोल्ड खरीदा है. इनमें से लगभग 40% खरीदार छोटे शहरों और कस्बों से हैं, जो दर्शाता है कि अब देश भर में लोग डिजिटल सोने को एक गंभीर निवेश विकल्प के रूप में मान रहे हैं. यह इस तथ्य से और पुष्ट होता है कि इस वर्ष की अक्षय तृतीया ने पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 गुना की बिक्री दर्ज की है.

