नई दिल्ली: दिवाली से पहले होम लोन लेने की सोच रहे ग्राहकों के लिए अच्छी खबर आई है. मॉर्गेज लेंडर HDFC लिमिटेड ने अपनी रिटेल प्राइम लेंडिंग रेट (RPLR) में कटौती की है तो वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा ने MCLR घटा दिया है. यानी ग्राहकों के लिए होम लोन, ऑटो लोन लेना सस्ता हो गया है. एचडीएफसी लिमिटेड ने हाउसिंग लोन्स पर RPLR 0.10 फीसदी घटाया है.
HDFC ने बयान में कहा है कि नई दरें 10 नवंबर 2020 से लागू होंगी. इसी दर पर कंपनी के आवास ऋण की समायोजित दरें तय होती हैं.’’ ब्याज दर में इस बदलाव का फायदा सभी मौजूदा ग्राहकों को मिलेगा.
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा ने विभिन्न अवधि के लिए मार्जिनल कॉस्ट ऑफ फंड बेस्ड लेंडिग रेट्स (एमसीएलआर) में 0.05 फीसदी कटौती की घोषणा की है. बैंक ऑफ बड़ौदा ने शेयर बाजार को बताया है कि नई दरें 12 नवंबर 2020 से लागू हैं. इसके तहत बैंक में संशोधित एक वर्षीय एमसीएलआर अब 7.5 फीसदी की जगह 7.45 फीसदी होगी. यह दर ऑटो, रिटेल, आवास जैसे सभी उपभोक्ता ऋणों के लिए स्टैंडर्ड है. वहीं एक दिन से लेकर छह महीने तक के कर्ज पर एमसीएलआर को घटाकर 6.60 से 7.30 फीसदी तक कर दिया गया है.

