अक्टूबर माह में यात्री कारों (पैसेंजर व्हीकल्स) की खुदरा बिक्री साल दर साल आधार पर 8.8 फीसदी घटकर 2,49,860 यूनिट रह गई. आपूर्ति संबंधी मुद्दों के चलते वाहनों का रजिस्ट्रेशन धीमा पड़ा है. यह बात फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (फाडा) ने कही है. फाडा के मुताबिक, यात्री कारों की बिक्री एक साल पहले अक्टूबर 2019 में 2,73,980 यूनिट रही थी.
फाडा देशभर के 1,464 क्षेत्रीय परिवहन कार्यालयों में से 1,257 कार्यालयों से व्हीकल रजिस्ट्रेशन के आंकड़े जुटाती है. टूव्हीलर्स की बिक्री की बात करें तो यह पिछले माह 26.82 फीसदी घटकर 10,41,682 यूनिट रह गई. एक साल पहले अक्ट्रबर 2019 में यह बिक्री 14,23,394 वाहन की रही थी. कमर्शियल व्हीकल्स की बिक्री भी 30.32 फीसदी घटकर 44,480 यूनिट रह गई. एक साल पहले इसी माह में बिक्री 63,837 वाहन रही थी.
इसी तरह थ्रीव्हीलर्स की बिक्री भी अक्टूबर में 64.5 फीसदी घटकर 22,381 वाहन रही. एक साल पहले इसी माह अक्टूबर में यह बिक्री 63,042 यूनिट रही थी. हालांकि, इस दौरान ट्रैक्टर की बिक्री 55 फीसदी बढ़कर 55,146 यूनिट तक पहुंच गई. एक साल पहले इसी माह के दौरान यह बिक्री 35,456 यूनिट रही थी. कुल मिलाकर पिछले माह सभी तरह के वाहनों की बिक्री एक साल पहले के इसी माह के मुकाबले 23.99 फीसदी घटकर 14,13,549 यूनिट रही. वहीं एक साल पहले अक्ट्रबर में यह 18,59,709 यूनिट रही थी.

