नई दिल्ली: दोपहिया कंपनी बजाज ऑटो लिमिटेड की कुल बिक्री अक्टूबर में 11 फीसदी बढ़कर 5,12,038 इकाई पर पहुंच गई. पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 4,63,208 वाहन बेचे थे. शेयर बाजारों को दी सूचना में कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में घरेलू बाजार में उसकी बिक्री एक फीसदी बढ़कर 2,81,160 इकाई पर पहुंच गई. पिछले साल समान महीने में यह आंकड़ा 2,78,776 रहा था. दूसरी ओर, टीवीएस मोटर कंपनी की बिक्री अक्टूबर में 22 फीसदी बढ़कर 3,94,724 इकाई पर पहुंच गई.
समीक्षाधीन महीने में कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री 18 फीसदी बढ़कर 4,70,290 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले 3,98,913 इकाई रही थी. कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में उसके पल्सर ब्रांड की बिक्री 1,70,000 इकाई से अधिक रही. इस दौरान कंपनी की कॉमर्शियल वाहनों की बिक्री 35 फीसदी घटकर 41,746 इकाई पर आ गई. पिछले साल समान महीने में यह आंकड़ा 64,295 इकाई का रहा था. अक्टूबर में कंपनी का कुल वाहन निर्यात 25 फीसदी बढ़कर 2,30,878 इकाई पर पहुंच गया. अक्टूबर, 2019 में कंपनी ने 1,84,432 वाहनों का निर्यात किया था.
टीवीएस मोटर कंपनी की बिक्री अक्टूबर में 22 फीसदी बढ़कर 3,94,724 इकाई पर पहुंच गई. पिछले साल समान महीने में कंपनी ने 3,23,368 वाहन बेचे थे. शेयर बाजारों को दी जानकारी में कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में उसकी दोपहिया बिक्री 24 फीसदी बढ़कर 3,82,121 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान महीने में 3,08,161 इकाई रही थी. घरेलू बाजार में कंपनी की दोपहिया बिक्री 19 फीसदी बढ़कर 3,01,380 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान महीने में 2,52,684 रही थी.
अक्टूबर में कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री 38 फीसदी बढ़कर 1,73,263 इकाई रही. अक्टूबर, 2019 में कंपनी ने 1,25,660 मोटरसाइकिलें बेची थीं. इसी तरह कंपनी की स्कूटर बिक्री पांच फीसदी बढ़कर 1,27,138 इकाई रही. अक्टूबर, 2019 में कंपनी ने 1,21,437 स्कूटर बेचे थे. टीवीएस मोटर कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में उसकी तिपहिया बिक्री घटकर 12,603 इकाई रह गई. एक साल पहले समान महीने में यह आंकड़ा 15,207 इकाई का रहा था. अक्टूबर में कंपनी का कुल निर्यात 33 फीसदी बढ़कर 92,520 इकाई पर पहुंच गया, जो एक साल पहले समान महीने में 69,339 रहा था. समीक्षाधीन महीने में कंपनी का दोपहिया निर्यात 46 फीसदी बढ़कर 80,741 इकाई पर पहुंच गया, जो अक्टूबर, 2019 में 55,477 इकाई रहा था.

