कोरोना महामारी के कारण दुनिया भर का कारोबार प्रभावित हुआ है. अब इससे वॉल्ट डिज्नी वर्ल्ड भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और उसने 11 हजार से अधिक कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की है. इस फैसले के बाद से अब फ्लोरिडा स्थित इस कंपनी से निकाले गए लोगों की संख्या 18 हजार तक पहुंच चुकी है. कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक यह छंटनी इस साल के अंत तक होगी.
डिज्नी वर्ल्ड ने इसे लेकर एक पत्र राज्य और स्थानीय नेताओं को एक पत्र भेजा है. इस पत्र में कंपनी ने अपने फैसले की जानकारी दी है. पत्र के मुताबिक 11350 यूनियन वर्कर्स में से अधिकतर पार्ट टाइम जॉब करने वाले हैं. इससे पहले भी कंपनी ने 6400 नॉन-यूनियन कर्मियों की छंटनी की जानकारी दी थी. एक्टर्स इक्विटी एसोसिएशन के मुताबिक इस हफ्ते की शुरुआत में कंपनी ने 720 डिज्नी वर्ल्ड एक्टर्स और सिंगर्स की छंटनी की थी क्योंकि कोरोना महामारी के कारण फ्लोरिडा रिजॉर्ट में कई लाइव एंटरटेनमेंट शो बंद हो गए थे.
डिज्नी वर्ल्ड द्वारा यह जो छंटनी की जा रही है, वह कंपनी द्वारा पिछले महीने लिए गए एक फैसले का हिस्सा है. कंपनी ने कोरोना महामारी के कारण पिछले हफ्ते कैलिफोर्निया और फ्लोरिडा में स्थित अपने पार्क डिविजन से 28 हजार कर्मियों को बाहर निकालने का फैसला किया था. महामारी की शुरुआत में कंपनी के पार्क बंद हो गए थे. फ्लोरिडा पार्क कुछ समय पहले खोला गया था. हालांकि खुलने के बाद भी इस पर कुछ शर्तें लगी हुई हैं जैसे कि पार्क में किसी एक समय पर कितने लोग प्रवेश कर सकते हैं और फिजिकल डिस्टेंसिंग व मास्क पहनने की भी शर्त लगी हुई है. कैलिफोर्निया का पार्क अभी भी बंद है.

