नई दिल्ली: टाइटन कंपनी का मुनाफा वित्त वर्ष 2021 की दूसरी तिमाही में 38 फीसदी गिरा है. इस दौरान टाइटन कंपनी को 199 करोड़ रुपए का स्टैंडअलोन प्रॉफिट हुआ है. एक साल पहले की समान तिमाही में कंपनी को 320 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ था. हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी का प्रदर्शन बेहतर रहा है. इससे पहले जून तिमाही में टाइटन कंपनी को 270 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था. लॉकडाउन के चलते जून तिमाही में कंपनी के मुनाफे पर जमकर मार पड़ी थी. दूसरी तिमाही के नतीजों से साफ है कि कंपनी के बिजनेस में सुधार आया है.
वित्त वर्ष 2020-2021 की दूसरी तिमाही में टाइटन की सेल्स में 89 फीसदी की रिकवरी हुई है. सितंबर तिमाही में कंपनी कुल आय 4389 करोड़ रुपए रही. इसमें 391 करोड़ रुपए का गोल्ड बुलियन की बिक्री भी शामिल है. पिछले साल की समान तिमाही में टाइटन कंपनी की आय 4,466 करोड़ रुपए थी. अगर बुलियन की बिक्री को हटा दें तो पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले कंपनी की आमदनी में करीब 11 फीसदी की गिरावट है.
टाइटन कंपनी के बिजनेस में लॉकडाउन के फेज के बाद से जोरदार रिकवरी देखने को मिल रही है. कंपनी ने हाल ही में बयान दिया है कि टाइटन का कारोबार प्री कोविड स्तर पर पहुंच गया है. जुलाई से सिंतबर तिमाही यानी Q2 में कंपनी का बिजनेस सामान्य स्तर पर पहुंच गया है. Q2 में ज्वेलरी रिकवरी रेट सालाना आधार पर करीब 98 फीसदी रही है. Q2 में घड़ी कारोबार में 55 फीसदी की रिकवरी हो गई है. Q2 में 390 करोड़ रुपए की ज्वेलरी बेची है. गोल्ड की बिक्री में ग्रोथ जारी है. आई वियर कारोबार में 61 फीसदी की रिकवरी देखने को मिल रही है. टाइटन का कहना है कि अनलॉक के चलते सभी डिविजन के लगभग सभी शोरूम खुल चुके हैं. कस्टमर्स के आने की दर धीरे धीरे सामान्य हो रही है.

