मारुति सुजुकी इंडिया (MSI) की बिक्री सितंबर में 30.8 फीसदी बढ़कर 1,60,442 यूनिट पर पहुंच गई. कंपनी ने सितंबर 2019 में 1,22,640 वाहन बेचे थे. कंपनी ने बयान में कहा कि सितंबर में बिक्री प्रदर्शन को पिछले साल के निचले आधार प्रभाव के लिहाज से देखा जाए. घरेलू बाजार में मारुति की बिक्री 32.2 फीसदी बढ़कर 1,52,608 यूनिट पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान महीने में 1,15,452 यूनिट रही थी.
सितंबर कंपनी की मिनी कारों अल्टो और एस-प्रेसो की बिक्री 35.7 फीसदी बढ़कर 27,246 यूनिट पर पहुंच गई, जो पिछले साल समान महीने में 20,085 यूनिट रही थी. वहीं कॉम्पैक्ट सेगमेंट में कंपनी की स्विफ्ट, सेलेरियो, इग्निस, बलेनो और डिजायर मॉडलों की बिक्री 47.3 फीसदी बढ़कर 84,213 यूनिट पर पहुंच गई, जो सितंबर 2019 में 57,179 यूनिट रही थी. हालांकि, मिड साइज की सेडान सियाज की बिक्री इस दौरान 10.6 फीसदी घटकर 1,534 यूनिट रह गई, जो एक साल पहले समान महीने में 1,715 यूनिट रही थी.
निर्यात में 9% का इजाफा
मारुति के यूटिलिटी वाहनों विटारा ब्रेजा, एस-क्रॉस और अर्टिगा की बिक्री 10.1 फीसदी बढ़कर 23,699 यूनिट पर पहुंच गई. एक साल पहले समान महीने में यह आंकड़ा 21,526 यूनिट का रहा था. सितंबर में कंपनी का निर्यात भी नौ फीसदी बढ़कर 7,834 यूनिट रहा, जो पिछले साल समान महीने में 7,188 यूनिट रहा था. कंपनी ने कहा है कि दूसरी तिमाही में उसकी कुल बिक्री 3,93,130 यूनिट रही है, जो पिछले साल के कमजोर आधार प्रभाव पर 16.2 फीसदी अधिक है.

