प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को देश के ईमानदार टैक्सपेयर्स के सम्मान में एक प्लेटफॉर्म ‘पारदर्शी कराधान-ईमानदार का सम्मान’ लॉन्च करेंगे. 1 फरवरी को पेश किए गए बजट 2020-21 में ‘टैक्सपेयर्स चार्टर’ का एलान किया गया था, जिसे वैधानिक दर्जा मिलने की उम्मीद है. साथ ही नागरिकों को आयकर विभाग की ओर से तय समय में सेवाएं सुनिश्चित होंगी. वित्त मंत्रालय ने एक बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री ‘पारदर्शी कराधान – ईमानदार का सम्मान’ के लिए जो प्लेटफॉर्म लॉन्च करेंगे, वह डायरेक्ट टैक्स रिफॉर्म की यात्रा को और भी आगे ले जाएगा.
मंत्रालय का कहना है कि केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (CBDT) ने हाल के वर्षों में डायरेक्ट टैक्स के मोर्चे पर में कई अहम सुधार किए हैं. पिछले साल कॉरपोरेट टैक्स की दर को 30 फीसदी से घटाकर 22 फीसदी कर दिया गया और नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स के लिए इस रेट को और भी अधिक घटाकर 15 फीसदी कर दिया गया. ‘डिविडेंट डिस्ट्रिब्यूशन टैक्स’ को भी हटा दिया गया.

