कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के बैनर तले 9 अगस्त को देश भर के व्यापारी संगठन चीन के खिलाफ एक नया आंदोलन ‘चीन भारत छोड़ो’ का आगाज करने वाले हैं. यह आंदोलन चीनी वस्तुओं के बहिष्कार के कैट के राष्ट्रीय अभियान ‘भारतीय सामान-हमारा अभिमान’ का हिस्सा है. 9 अगस्त को सभी राज्यों के लगभग 600 शहरों में सामाजिक दूरी एवं सुरक्षा के सभी नियम का पालन करते हुए व्यापारी सार्वजनिक प्रदर्शन करेंगे.
कैट के चीन भारत छोड़ो अभियान के अंतर्गत सरकार से मांग की जाएगी कि भारत में 5जी नेटवर्क लागू करने में चीनी कम्पनी हुवावे को तुरंत प्रतिबंधित किया जाए. साथ ही देश की जिन स्टार्टअप इकाइयों में चीनी कम्पनियों ने निवेश किया है, उस चीनी निवेश को वापिस किया जाए और ऐसे स्टार्टअप को उसके बदले में आवश्यक वित्तीय सहायता मुहैया कराई जाए. जहां सरकार ने 59 चीनी ऐप को भारत में प्रतिबंधित किया है, उसी के अनुसार बाकी बचे चीनी ऐप को भी सरकार तुरंत प्रतिबंधित करे.
कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी सी भरतिया एवं राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि जिस तरह से चीन ने एक लम्बी योजना के तहत गत 20 वर्षों में भारत के रिटेल बाजार पर चीनी उत्पादों द्वारा कब्जा कर लिया है, उसे देखते हुए व बदली परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए चीनी उत्पादों से देश के रिटेल बाजार को आजाद कर आत्मनिर्भर भारतीय बाजार बनाना बहुत जरूरी है. इस वजह से चीन पर अपनी निर्भरता को कम करने के लिए कैट ने चीन भारत छोड़ो की आवाज बुलंद करने का आवाह्न किया है.

