बेंगलुरु। आईटी कंपनी विप्रो को अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में 2,455.9 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ। यह 2018 की दिसंबर तिमाही के प्रॉफिट (2,510.4 करोड़ रुपए) के मुकाबले 2.17% कम है। रेवेन्यू 2.7% बढ़कर 15,470.5 करोड़ रुपए रहा। 2018 की दिसंबर तिमाही में 15,059.5 करोड़ रुपए था। कंपनी ने प्रति शेयर 1 रुपए का अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। डिविडेंड के भुगतान के लिए रिकॉर्ड डेट 27 जनवरी होगी। यानी इस तारीख तक जिनके पास शेयर होंगे, उन्हें डिविडेंड मिलेगा। भुगतान 4 फरवरी तक किया जाएगा।
विप्रो के सीईओ और एमडी आबिदअली जेड नीमचवाला का कहना है कि दिसंबर तिमाही में सभी बिजनेस यूनिट में ग्रोथ रही। हम ग्राहकों से संबंध मजबूत करने और बड़ी डील हासिल करने पर फोकस करते रहेंगे।
आईटी सर्विसेज से रेवेन्यू 2.2% बढ़कर 209.48 करोड़ डॉलर रहा। कंपनी ने उम्मीद जताई है कि मार्च तिमाही में आईटी सर्विसेज से रेवेन्यू 2% बढ़कर 209.5 करोड़ डॉलर से 213.7 करोड़ डॉलर के बीच रह सकता है।

