ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो लिमिटेड को कर्नाटक के कमर्शियल टैक्स (ऑडिट) के असिस्टेंट कमिश्नर से 9.45 करोड़ रूपये का गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) डिमांड नोटिस मिला है। कर्नाटक के टैक्स रेगुलेटर ने 5,01,95,462 रूपये GST की मांग की है। कंपनी ने BSE एक्सचेंज फाइलिंग में यह जानकारी दी। फाइलिंग के मुताबिक, इसमें 3.93 करोड़ रूपये का इंटरेस्ट चार्ज और 50.19 लाख रूपये का जुर्माना लगेगा, जिससे कुल रकम 9.45 करोड़ रूपये हो जाएगी।
फाइलिंग में कंपनी ने बताया है कि कंपनी को जीएसटी रिटर्न और अकाउंट्स के ऑडिट के तहत वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए टैक्स ऑर्डर मिला है। आपको बता दें कि शुक्रवार 28 जून को जोमैटो के शेयर 0.10 फीसदी की बढ़त के साथ 200.35 रुपये पर बंद हुए, जो कि पिछले बंद भाव 200.15 रुपये से ज्यादा है। कंपनी ने टैक्स नोटिस के जवाब में कहा कि हमारा मानना है कि हमारे पास मेरिट के आधार पर मजबूत मामला है। कंपनी उचित प्राधिकारी के समक्ष आदेश के खिलाफ अपील दायर करेगी।
यह पहली बार नहीं है जब फूड डिलीवरी कंपनी को टैक्स नोटिस मिला है। जोमैटो को 2021 में गुरुग्राम के केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर के अतिरिक्त आयुक्त से टैक्स नोटिस मिला था। उस समय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस नोटिस में कंपनी से ब्याज और जुर्माना शुल्क सहित 11.82 करोड़ रुपये का भुगतान करने की मांग की गई थी। कंपनी ने टैक्स आदेश के खिलाफ अपील करने का रुख भी अपनाया।

