ज़ेरोधा म्यूचुअल फंड ने शुक्रवार को ज़ेरोधा गोल्ड ईटीएफ लॉन्च करने की घोषणा की। यह स्कीम एक ओपन-एंडेड, आसान और कम लागत वाला एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) है, जो सोने में निवेश के इच्छुक निवेशकों के लिए एक बहुत अच्छा विकल्प साबित हो सकता है। इस स्कीम का न्यू फंड ऑफर (NFO) सब्सक्रिप्शन के लिए खुल गया है और सब्सक्राइब करने की आखिरी तारीख 21 फरवरी है।
NFO के तहत जारी की गई units allotment की तारीख के बाद 5 व्यावसायिक दिनों के भीतर निरंतर बिक्री और पुनः खरीद के लिए फिर से खोली जाएंगी। इस फंड के 1 मार्च, 2024 तक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर सूचीबद्ध होने की उम्मीद है। ज़ेरोधा गोल्ड ETF स्कीम में भौतिक सोने की घरेलू कीमत पर विचार किया जाएगा। इस योजना का निवेश उद्देश्य भौतिक सोने की घरेलू कीमतों के अनुरूप रिटर्न उत्पन्न करना है।
ज़ेरोधा गोल्ड ईटीएफ का 95 से 100% फंड भौतिक सोने और सोने से संबंधित अन्य उपकरणों में निवेश किया जाएगा। शेष 0 से 5% धनराशि ऋण, मुद्रा बाजार उपकरणों, नकदी और अन्य नकदी जैसे उपकरणों में निवेश की जाएगी। जेरोधा फंड हाउस के द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक सोने की कीमतों का इक्विटी से ज्यादा संबंध नहीं है, यही वजह है कि यह पोर्टफोलियो में अस्थिरता को कम करने में मददगार होगा।
ज़ेरोधा गोल्ड ईटीएफ में न्यूनतम 500 रुपये और उसके बाद 100 रुपये के गुणक में निवेश किया जा सकता है। योजना की एक इकाई का प्रारंभिक शुद्ध संपत्ति मूल्य (NAV ) लगभग 10 रुपये होगा। इस EDF में एग्जिट लोड शून्य है, जबकि नियम के मुताबिक अधिकतम टोटल एक्सपेंस रेशियो (TER) 1 फीसदी तक हो सकता है. लिस्टिंग के बाद ज़ेरोधा गोल्ड ईटीएफ की यूनिटें सीधे एक्सचेंज से खरीदी जा सकती हैं।

