एक सर्वेक्षण के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में लगभग 43 प्रतिशत स्वास्थ्य बीमा पॉलिसीधारकों को अपने दावों का निपटान करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा है। देश भर के 302 जिलों में 39,000 से अधिक लोगों के बीच किए गए सर्वेक्षण से पता चला कि पॉलिसीधारकों को दावों से इनकार, आंशिक मंजूरी और उनके निपटान में लंबा समय लगने जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
सर्वेक्षण संगठन ‘लोकलसर्कल्स’ द्वारा सर्वेक्षण में शामिल 93 प्रतिशत प्रतिभागियों में से अधिकांश ने इस स्थिति से बचने के लिए नियामक मोर्चे पर बदलाव की वकालत की। इसमें बीमा कंपनियों के लिए हर महीने अपनी वेबसाइटों पर विस्तृत दावों और पॉलिसी रद्दीकरण डेटा का खुलासा करना अनिवार्य बनाने की मांग भी शामिल है।
लोकलसर्कल्स ने बयान में कहा कि भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीएआई) के कुछ हस्तक्षेपों के बावजूद, उपभोक्ता अपने स्वास्थ्य दावों को प्राप्त करने के लिए बीमा कंपनियों के साथ संघर्ष कर रहे हैं। इसमें बीमा कंपनी द्वारा स्वास्थ्य बीमा दावों को अस्वीकार करने और पॉलिसियों को रद्द करने जैसी समस्याओं का भी उल्लेख किया गया है। कई बार बीमा कंपनियां पूरी दावा राशि के बजाय आंशिक राशि ही स्वीकृत करती हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य बीमा के मामले में एशिया-प्रशांत देशों में भारत सबसे निचले पायदान पर है. एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने गुरुवार को ‘एजिंग वेल इन एशिया’ शीर्षक से जारी रिपोर्ट में कहा कि दक्षिण कोरिया और थाईलैंड ने सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज हासिल कर लिया है, वहीँ भारत सहित कई देश पीछे हैं। इन देशों में सीनियर सिटीजन्स के बीच इलेक्टोरल इन्शुरन्स की पहुंच सबसे कम 21 प्रतिशत है।
बीमा नियामक IRDAI ने हेल्थ इन्शुरन्स पॉलिसी खरीदने वाले व्यक्तियों के लिए 65 वर्ष की आयु सीमा हटा दी है। स्वास्थ्य बीमा योजनाओं को खरीदने पर अधिकतम आयु प्रतिबंध को समाप्त करके, भारतीय बीमा नियामक और विकास प्राधिकरण (आईआरडीए) का लक्ष्य एक अधिक समावेशी और सुलभ स्वास्थ्य देखभाल पारिस्थितिकी तंत्र को बढ़ावा देना है, जिससे अप्रत्याशित चिकित्सा खर्चों के खिलाफ पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

