नकदी संकट से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया को लेकर आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि बाहरी निवेशकों को आकर्षित करने की कोशिशें जारी हैं। बिड़ला ने कहा कि हम अच्छी प्रगति कर रहे हैं, लेकिन इसके लिए कोई तय समयसीमा नहीं दे सकते. बिड़ला ने कहा, हम वोडाफोन आइडिया के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जानकारी के मुताबिक वोडाफोन आइडिया के निदेशक मंडल की बैठक 27 फरवरी को होगी. कंपनी ने गुरुवार को स्टॉक एक्सचेंज को दी सूचना में कहा कि निदेशक मंडल राइट्स इश्यू, सार्वजनिक पेशकश, तरजीही आवंटन, निजी प्लेसमेंट, योग्य संस्थागत प्लेसमेंट या अन्य अनुमोदित पद्धति के माध्यम से एक या अधिक किस्तों में धन जुटाने के प्रस्ताव पर विचार करेगा।
दिसंबर 2023 को समाप्त तिमाही में वोडाफोन आइडिया का शुद्ध घाटा कम होकर 6,986 करोड़ रुपये हो गया। इस अवधि के दौरान प्रति ग्राहक औसत कमाई में भी सुधार हुआ है। एक साल पहले इसी तिमाही में कंपनी को 7,990 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था.
वोडाफोन आइडिया ने भी हाल के दिनों में बड़ी संख्या में अपने ग्राहक खोए हैं। 1 जनवरी को शुरुआती कारोबार में वोडाफोन आइडिया के शेयर 15 फीसदी उछल गए थे। तब इसने बीएसई पर 18.42 रुपये का नया 52 सप्ताह का उच्च स्तर बनाया था। 22 फरवरी को कंपनी के शेयर 6.19 फीसदी की बढ़त के साथ 16.30 रुपये पर बंद हुए.

