नई दिल्ली: पूर्व वित्त सचिव सुभाष चंद्र गर्ग ने रविवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के साथ आर्थिक गतिविधियों खासकर सेवा क्षेत्र पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है तथा इससे पहले से सुस्त पड़ रही आर्थिक वृद्धि दर कुछ और मंद पड़ सकती है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि इस मौके पर अर्थव्यवस्था को सहारा देने के लिए किसी प्रकार के नये वित्तीय प्रोत्साहन देने की जरूरत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि कच्चे तेल के गिरते दाम की मौजूदा परिस्थितियों में सरकार को पेट्रोल, डीजल के दाम कम नहीं करना चाहिए।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में जो गिरावट आई है, उसका उपयोग उत्पाद शुल्क बढ़ाने और राजकोष को मजबूत करने में करना उपयुक्त होगा। दाम कम करने से परिवहन और दूसरी संबद्ध कंपनियां उस अनुपात में आगे लाभ नहीं देती। इस पर भी गौर करना होगा कि एक-दो महीने में कच्चे तेल के दाम में फिर तेजी आनी तय है।

