भारत के घरेलू शॉर्ट-फॉर्म वीडियो ऐप मित्रों ने नेक्सस वेंचर पार्टनर्स की अगुवाई में 50 लाख डॉलर का फंड हासिल करने का एलान किया है. 3वन4 कैपिटल और लेट्सवेंचर पर अरुण तडंकी के निजी सिंडिकेट ने भी फंडिंग के इस दौर में भाग लिया. कंपनी ने बयान में बताया कि इस नई पूंजी का इस्तेमाल करके यूजर एंगेजमेंट बढ़ाने के लिए अपने उत्पाद के विकास को बढ़ावा देगी और बेहतरीन प्रतिभाओं को नौकरी देगी. कंपनी ने ऐप पर भारतीय कंटेंट क्रिएटर्स का एक विशाल नेटवर्क को भी शामिल करने और मित्रों ब्रांड का निर्माण करने के लिए निवेश करने की योजना बनाई है.
मित्रों ऐप एक शॉर्ट-फॉर्म सोशल वीडियो ऐप है जिससे यूजर्स मनोरंजक शॉर्ट वीडियो बनाने के साथ अपलोड, देख और शेयर भी कर सकते हैं. मित्रों की स्थापना IIT रुड़की के पूर्व छात्र शिवांक अग्रवाल और अनीश खंडेलवाल ने की है. दोनों संस्थापक कंप्यूटर साइंस इंजीनियर हैं और पहले मेक माय ट्रिप में साथ काम करते थे.
मित्रों ऐप को अप्रैल 2020 में लॉन्च किया गया था और इसने चीनी ऐप्स पर प्रतिबंध लगने से पहले ही 10 मिलियन डाउनलोड की उपलब्धि हासिल कर ली थी.

