वाहनों की बिक्री नए साल की शुरुआत से ही टॉप गियर में बनी हुई है, पिछले महीने एक साल पहले की तुलना में अधिकांश ऑटो कंपनियों ने अधिक बिक्री की है। टाटा मोटर्स, मारुति सुजुकी इंडिया, हुंडई मोटर इंडिया, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज ऑटो और होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की बिक्री पिछले साल की तुलना में जनवरी 2024 में काफी बढ़ी है। मारुति सुजुकी की जनवरी में कंपनी की कुल वाहन बिक्री 15.5 प्रतिशत बढ़कर 1,99,364 इकाई हो गई, जो पिछले साल इसी महीने में 1,72,535 इकाई थी। मारुति सुजुकी की कुल घरेलू बिक्री 13 प्रतिशत बढ़कर 1,70,214 इकाई हो गई, जो एक साल पहले इसी महीने में 1,51,367 इकाई थी।
टाटा मोटर्स ने भी पिछले महीने घरेलू स्तर पर 84,276 यूनिट्स की बिक्री की, जबकि जनवरी 2023 में यह आंकड़ा 79,681 यूनिट्स था। इसकी कुल वाहन बिक्री साल-दर-साल छह प्रतिशत बढ़कर 86,125 इकाई हो गई। महिंद्रा एंड महिंद्रा की कुल वाहन बिक्री जनवरी में एक साल पहले की तुलना में 15 प्रतिशत बढ़कर 73,944 इकाई हो गई। वहीं, उपयोगिता वाहनों की बिक्री 31 प्रतिशत बढ़कर 43,068 इकाई हो गई, जो पिछले साल जनवरी में 32,915 वाहन थी।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने भी जनवरी में 24,609 वाहनों की डिलीवरी के साथ अपनी उच्चतम मासिक बिक्री दर्ज की। यह पिछले साल के 12,835 वाहनों से 92 फीसदी ज्यादा है. हुंडई मोटर इंडिया की थोक बिक्री जनवरी में 8.5 प्रतिशत बढ़कर 67,615 इकाई हो गई। कंपनी ने पिछले साल इसी महीने में 62,276 यूनिट्स की बिक्री की थी। हुंडई की घरेलू बिक्री पिछले महीने 14 प्रतिशत बढ़कर 57,115 इकाई हो गई, जो एक साल पहले की अवधि में 50,106 इकाई थी।
दोपहिया वाहन खंड में होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की कुल बिक्री जनवरी में 41.50 प्रतिशत बढ़कर 4,19,395 इकाई हो गई। इस दौरान घरेलू बिक्री 37 फीसदी बढ़कर 3,82,512 यूनिट हो गई. रॉयल एनफील्ड की बिक्री जनवरी में मामूली दो प्रतिशत बढ़कर 76,187 इकाई हो गई। पिछले साल इसी महीने में कंपनी ने कुल 74,746 वाहन बेचे थे।

