SUV पसंद करने वालों के लिए नया साल अच्छा साबित होने वाला है क्योंकि 2024 में उनके पास SUV खरीदने के लिए कई विकल्प मौजूद होंगे। बता दें कि 2024 में नई टोयोटा फॉर्च्यूनर समेत चार दमदार एसयूवी बाजार में आने वाली हैं। जानकारी के मुताबिक टोयोटा फॉर्च्यूनर का नया जेनरेशन मॉडल अगले साल बाजार में आ सकता है। इसके अलावा स्कोडा कोडियाक, फॉक्सवैगन टिगुआन और एमजी ग्लॉस्टर के नए अपडेट मॉडल बाज़ार में आने वाले हैं।
टोयोटा फॉर्च्यूनर का न्यू जेनरेशन मॉडल 2024 में आने वाला है, कंपनी इसके अपडेशन में जुटी हुई है। इनोवा हाईक्रॉस की तरह यह एसयूवी TNGA-F प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है। इस एसयूवी में 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंट सिस्टम के साथ ही नया 2.8 लीटर 1GD-FTV डीजल इंजन भी मिलेगा। टोयोटा फॉर्च्यूनर न्यू जेनरेशन मॉडल में माइल्ड हाइब्रिड तकनीक हो सकती है।
नए साल में स्कोडा ऑटो इंडिया भी अपनी फुलसाइज एसयूवी कोडियाक का अपडेटेड मॉडल लॉन्च कर सकती है। कहा जा रहा है कि यह SUV बिल्कुल नए MQB-EVO प्लेटफॉर्म पर आधारित होगी। इसकी शुरुआती कीमत का अनुमान 40 लाख रुपये लगाया जा रहा है जिसमें कई एडवांस फीचर्स होंगे. फॉक्सवैगन टिगुआन का अपडेटेड मॉडल बाजार में उतार सकती है। एडवांस फीचर्स के साथ यह नई जेनरेशन टिगुआन आकर्षक लुक के साथ आएगी। चूंकि इस एसयूवी का उत्पादन भारत में नहीं किया जाएगा इसलिए यह थोड़ी महंगी हो सकती है। एमजी मोटर इंडिया भी नए साल में अपडेटेड ग्लॉस्टर को भारतीय बाजार में लॉन्च कर सकती है। ग्लॉस्टर फेसलिफ्ट के एक्सटीरियर और इंटीरियर में कई बदलाव देखने को मिलेंगे।

