नई दिल्ली: संकटग्रस्त यस बैंक की पुनर्गठन योजना को मंजूरी के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने यह जानकारी दी है। RBI यस बैंक के पुनर्गठन के मसौदे पर मिलने वाली प्रतिक्रियाओं पर पहले विचार करेगा, उसके बाद वह उसे अंतिम रूप देगा।
शुक्रवार को जारी आरबीआई के मसौदे के मुताबिक, यस बैंक में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) 49% तक हिस्सेदारी लेगा। योजना पर प्रतिक्रिया देने के लिए सोमवार तक की डेडलाइन तय की गई है। पुनर्गठन योजना को केंद्रीय मंत्रिमंडल के समक्ष पेश किया जाएगा और यस बैंक में एसबीआई भारी मात्रा में नकदी भी डालेगा।
एसबीआई ने कहा है कि यस बैंक के लिए निदेशक मंडल का गठन किया जाएगा, जिसमें सीईओ, मैनेजिंग डायरेक्टर, नॉन-एग्जेक्युटिव चेयरमैन तथा नॉन-एग्जेक्युटिव डायरेक्टर्स होंगे।

