वाशिंगटन: ट्रंप के हालिया बयान से भारत की उस कोशिश को धक्का पहुंच सकता है, जिसमें चीन से बाहर जा रही कंपनियों को अपने यहां आकर्षित करने की तैयारी चल रही है। ट्रंप ने चीन से अपने विनिर्माण कारोबार को अमेरिका लाने के बजाए भारत और आयरलैंड जैसे देशों में ले जाने की तैयारी कर रहीं ऐपल जैसी अमेरिकी कंपनियों पर नए कर लगाने की धमकी दी है।
ट्रंप ने फॉक्स बिजनेस न्यूज के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि कंपनियों को कर प्रोत्साहन दिया गया था, ताकि वे अपने विनिर्माण कारोबार को वापस अमेरिका लाएं। उन्होंने कहा, ‘ऐपल ने कहा है कि अब वे भारत जाने वाले हैं। वे चीन से हटकर कुछ उत्पादन भारत में करने जा रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘अगर वे करते हैं, तो आप समझ लीजिए कि हम ऐपल को थोड़ा सा झटका देंगे, क्योंकि वे एक ऐसी कंपनी के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं, जो हमारे द्वारा किए गए व्यापार सौदे का हिस्सा थी। इसलिए यह ऐपल के लिए थोड़ा अनुचित है, लेकिन हम अब इसकी इजाजत नहीं देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर हम दूसरे देशों की तरह अपनी सीमाओं को बंद कर लेंगे, तो ऐपल अपने शत प्रतिशत उत्पादों को अमेरिका में ही बनाएगी।’ न्यूयॉर्क पोस्ट के मुताबिक ऐपल अपने उत्पादन के बड़े हिस्से को चीन से भारत स्थानांतरित कर रही है। चीन में घातक कोरोना वायरस महामारी के सामने आने के बाद वहां विनिर्माण करने वाली कई टेक कंपनियों की आपूर्ति श्रृंखला बाधित हो गईं।

