मूडीज रेटिंग्स ने 15 नवंबर को जारी अपने ग्लोबल मैक्रो आउटलुक में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत गति से आगे बढ़ती रहेगी, 2024 में वृद्धि दर 7.2 प्रतिशत रहेगी। मूडीज रेटिंग्स ने कहा, “इंडियन इकॉनमी मजबूत स्थिति में है। हम कैलेंडर वर्ष 2024 के लिए 7.2% वृद्धि का अनुमान लगाते हैं, इसके बाद 2025 में 6.6% और 2026 में 6.5% वृद्धि होगी।” साथ ही इस बात पर प्रकाश डाला कि जुलाई-सितंबर तिमाही में अर्थव्यवस्था अपनी स्थिर गति जारी रखेगी।
मूडीज रेटिंग्स ने कहा, “उच्च आवृत्ति संकेतक – जिसमें विनिर्माण और सेवा पीएमआई का विस्तार, मजबूत ऋण वृद्धि और उपभोक्ता आशावाद शामिल हैं – तीसरी तिमाही में स्थिर आर्थिक गति का संकेत देते हैं।” रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि, “घरेलू उपभोग में वृद्धि की संभावना है, जो कि मौजूदा त्यौहारी सीजन के दौरान खर्च में वृद्धि और बेहतर कृषि परिदृश्य के कारण ग्रामीण मांग में निरंतर वृद्धि के कारण है।” रिपोर्ट में मुद्रास्फीति के लिए बेहतर परिदृश्य की ओर भी इशारा किया गया है, क्योंकि इसने आने वाले महीनों में मुद्रास्फीति में कमी आने का अनुमान लगाया है।

