PSU सेक्टर के बैंक ऑफ इंडिया ने ‘666 दिन की विशेष सावधि जमा’ योजना शुरू की है। इस FD योजना में सुपर सीनियर सिटीजन को 2 करोड़ रुपये से कम जमा पर 7.95% की दर से ब्याज मिलेगा। सुपर सीनियर सिटीजन वे हैं जिनकी उम्र 80 वर्ष या उससे अधिक है। वहीं, सीनियर सिटीजन को 7.8% सालाना ब्याज मिलेगा। आम लोगों को इस स्पेशल FD स्कीम में 7.3% सालाना ब्याज मिलेगा। यह FD स्कीम 1 जून 2024 से प्रभावी हो गई है।
इस FD स्कीम में निवेशकों को लोन और समय से पहले निकासी की सुविधा मिलेगी। ग्राहक इस स्पेशल सावधि जमा स्कीम को खोलने के लिए बैंक ऑफ इंडिया की किसी भी शाखा में जा सकते हैं या BOI ओमनी नियो ऐप/इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल कर सकते हैं। बैंक ऑफ इंडिया की FD स्कीम 7 दिनों से लेकर 10 साल तक की अवधि के साथ 3% से 7.67% तक की ब्याज दरें प्रदान करती हैं।
बैंक ऑफ इंडिया 1 साल की अवधि के लिए 10 करोड़ रुपये और उससे अधिक की एफडी पर 7.67% की उच्चतम ब्याज दर दे रहा है। बैंक 1 साल की अवधि के लिए 2 करोड़ रुपये तक की एफडी पर 6.8% की ब्याज दर दे रहा है। 1 साल की अवधि के लिए 2 करोड़ रुपये से अधिक लेकिन 10 करोड़ रुपये से कम की एफडी के लिए यह दर 7.25% है।

