गुरुग्राम में एक रियल्टी फर्म ने अपने लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट में 3,600 करोड़ रुपये से ज्यादा कीमत के एक हज़ार से ज्यादा फ्लैट बेचे हैं. ये दिखाता है कि देश में लग्जरी मकानों की तरफ लोगों का रुझान तेज़ी से बढ़ा है. कंपनी द्वारा एक रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक आवास की बढ़ती मांग, खासकर लक्जरी घरों की मांग पिछले दो वर्षों में बहुत मजबूत रही है।
कंपनी की फाइलिंग के मुताबिक गुरुग्राम के सेक्टर 37डी में अपने नवीनतम प्रीमियम हाउसिंग आवासीय विकास प्रोजेक्ट ‘डीई लक्स-डीएक्सपी’ के लिए 3,600 करोड़ रुपये से अधिक की प्री-औपचारिक लॉन्च बिक्री हासिल की है। यह प्रोजेक्ट 16.5 एकड़ में फैला हुआ है और बिक्री के लिए 2.7 मिलियन वर्ग फुट एरिया है। रियल्टी फर्म इस हाउसिंग प्रोजेक्ट में 1,008 इकाइयां विकसित करेगी।
ये रियल्टी फर्म सिग्नेचर ग्लोबल है, और इसके चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल के मुताबिक मिडिल क्लास में बढ़ती समृद्धि की वजह से क्रय शक्ति बढ़ी है और एक महत्वपूर्ण आबादी वर्ग में उच्च आकांक्षाएं विकसित की हैं। इन वजहों से mid-residential segment में मांग बढ़ रही है। सिग्नेचर ग्लोबल के चेयरमैन के मुताबिक आधुनिक उपभोक्ता नए युग की जीवनशैली की मांगों को पूरा करने के लिए सुविधा और सामर्थ्य के मिश्रण की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट में अनिवासी भारतियों और बड़े कॉर्पोरेट कर्मचारियों ने जबरदस्त रुचि दिखाई है। सिग्नेचर ग्लोबल ने दिसंबर 2023 तक 6.7 मिलियन वर्ग फुट क्षेत्र सेल किया है। इसके पास 28.4 मिलियन वर्ग फुट बिक्री योग्य क्षेत्र की आगामी पाइपलाइन भी है।

