मुकेश अंबानी अब देश के लोगों को उनके सपनों का घर बनाने में मदद करेंगे क्योंकि रिलायंस के स्वामित्व वाली एनबीएफसी कंपनी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज जल्द ही आम लोगों को होम लोन देने की योजना बना रही है। मुकेश अंबानी ने पिछले साल अपनी एनबीएफसी कंपनी जियो फाइनेंशियल की शुरुआत की थी। इसके लिए कंपनी की तरफ से काम भी शुरू हो गया है।
जियो फाइनेंशियल सर्विसेज की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड ने शुक्रवार को कहा कि वह होम लोन सेवा शुरू करने के अंतिम चरण में है। इसे परीक्षण के तौर पर शुरू किया गया है। इसके अलावा कंपनी प्रॉपर्टी पर लोन और सिक्योरिटीज पर लोन जैसे अन्य उत्पाद भी पेश करने जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रॉपर्टी पर लोन और सिक्योरिटीज पर लोन जैसे अन्य उत्पाद भी प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड पहले ही सप्लाई चेन फाइनेंसिंग, म्यूचुअल फंड लोन और उपकरण फाइनेंसिंग के लिए एंटरप्राइज सॉल्यूशन जैसे सुरक्षित लोन उत्पाद बाजार में पेश कर चुकी है।
शुक्रवार को जियो फाइनेंशियल के शेयरों में एक फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली है। बीएसई के आंकड़ों के मुताबिक, यह 1.21 फीसदी की गिरावट के साथ 321.75 रुपये पर बंद हुआ। हालांकि, कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर 320.50 रुपये के निचले स्तर पर भी पहुंचा। कंपनी का शेयर 331.60 रुपये के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंचा। वैसे, जियो फाइनेंशियल का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 394.70 रुपये रहा है। कंपनी का मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा नजर आ रहा है।

