यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने सरकारी दूरसंचार कंपनी एमटीएनएल के सभी बैंक खातों को फ्रीज़ कर दिया है। ये कार्रवाई उसने बैंक का बकाया न चुकाए जाने पर की है. एमटीएनएल ने बुधवार को शेयर बाजार को इसकी जानकारी दी। जानकारी के मुताबिक MTNL ने कहा कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने कर्ज न चुकाने पर उसके सभी खाते फ्रीज करने की जानकारी 21 अगस्त को कंपनी को दी।
MTNL ने बाजार को जानकारी दी कि यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने 21 अगस्त को एमटीएनएल को सूचित किया है कि उसके खाते को 12 अगस्त 2024 से गैर निष्पादित परिसंपत्ति (NPA ) में डाल दिया गया है। इसके चलते यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में हमारे सभी खाते स्वत: फ्रीज हो गए हैं। अगस्त की शुरुआत में एमटीएनएल ने शेयर बाजारों को सूचित किया था कि उसने 422.05 करोड़ रुपये के बैंक कर्ज भुगतान में चूक की है। एमटीएनएल द्वारा साझा किए गए विवरण के अनुसार, उसने UBI को 155.76 करोड़ रुपये, SBI को 140.37 करोड़ रुपये, BOI को 40.33 करोड़ रुपये, पंजाब एंड सिंध बैंक को 40.01 करोड़, PNB को 41.54 करोड़ रुपये और UCO Bank को लिए गए कर्ज पर 4.04 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया है।
MTNL ने उपरोक्त सभी बैंकों से कुल 5,573.52 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। दूरसंचार कंपनी ने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से कुल 7,873.52 करोड़ रुपये उधार लिए और घाटमें चल रही कंपनी का कुल कर्ज 31,944.51 करोड़ रुपये है। कंपनी का कारोबार लगातार कई वर्षों से मंदी के दौर में है। कंपनी ने पिछले कुछ वर्षों में बड़ी संख्या में अपने ग्राहकों को खो दिया है।

