भारतीय शेयर बाजार में आयी औंधे मुंह गिरावट का असर देश के सबसे अमीर लोगों की नेटवर्थ पर पड़ा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी और अडानी ग्रुप के मालिक गौतम अडानी की संपत्ति में भी एक ही दिन में काफी गिरावट आई है। इस गिरावट के चलते दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में इन दोनों की रैंकिंग भी खिसक गई है।
मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में सोमवार को 2.72 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। इसके चलते उनकी नेटवर्थ घटकर 98.8 अरब डॉलर रह गई है। ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स लिस्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी दुनिया के सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में 17वें स्थान पर खिसक गए हैं। इस साल अब तक मुकेश अंबानी की नेटवर्थ में कुल 2.42 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। वहीँ भारत के दुसरे सबसे अमीर शख्स गौतम अडानी की संपत्ति सोमवार को 2.06 अरब डॉलर नीचे चली गयी है। उनकी नेटवर्थ घटकर अब 92.3 अरब डॉलर रह गई है और सबसे अमीर लोगों की लिस्ट में गौतम अडानी अब 18वें स्थान पर खिसक गए हैं। इस साल अब तक गौतम अडानी की नेटवर्थ में कुल 8.05 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है।
सिर्फ अडानी-अंबानी ही नहीं, दुनिया के टॉप-5 सबसे अमीर लोगों की नेटवर्थ में भी सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। दुनिया के सबसे अमीर शख्स एलन मस्क की नेटवर्थ में सोमवार को 4.39 अरब डॉलर की गिरावट आई। दूसरे स्थान पर मौजूद जेफ बेजोस की नेटवर्थ में 1.94 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। तीसरे स्थान पर मौजूद मार्क जुकरबर्ग की नेटवर्थ में 2.23 अरब डॉलर का नुकसान हुआ। चौथे सबसे अमीर व्यक्ति लैरी एलिसन की कुल संपत्ति में 538 मिलियन डॉलर की गिरावट आई, जबकि पांचवें सबसे अमीर व्यक्ति बर्नार्ड अर्नाल्ट की संपत्ति में 353 मिलियन डॉलर की गिरावट आई।

