नई दिल्ली: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बाद अब प्राइवेट सेक्टर के दूसरे बैंक भी यस बैंक में निवेश के लिए सामने आए हैं। ICICI बैंक ने शुक्रवार को कहा कि वह यस बैंक में 1,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। बैंक ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘इस निवेश से आईसीआईसीआई बैंक की यस बैंक में हिस्सेदारी पांच प्रतिशत से अधिक हो जाएगी।’ ताजा जानकारी के मुताबिक एचडीएफसी बैंक ने भी यस बैंक में 6 फीसदी हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। इसके लिए वह 1000 करोड़ रुपये निवेश करेगा।
इन दो बैंकों के अलावा एक्सिस बैंक, कोटक महिन्द्रा बैंक, राधाकिशन दमानी, राकेश झुनझुनवाला और अजीम प्रेमजी भी 500-500 करोड़ निवेश कर 3-3 फीसदी हिस्सेदारी खरीदेंगे। एसबीआई ने पहले ऐलान किया था कि वह यह बैंक का 725 करोड़ शेयर 10 रुपये के भाव से खरीदेगा। वह इस तरह यस बैंक में 7250 करोड़ रुपये निवेश करेगा।
स्टेट बैंक ने यस बैंक के एडमिनिस्ट्रेटर प्रशांत कुमार को बैंक का नया सीईओ नियुक्त किया है। एसबीआई ने रिजर्व बैंक को सौंपे अपने प्लान में कहा कि बैंक में लिक्विडिटी बनाए रखने के लिए पब्लिक सेक्टर के बैंक 30 हजार करोड़ रुपये जमा करेंगे।

